logo

धनबाद : संजीव सिंह पहुंचे SNMMCH, मतदान के दिन हुए मारपीट मामले के घायलों से की मुलाकात

DHN1111.jpg

धनबाद
झरिया क्षेत्र में मतदान के दिन हुई मारपीट की घटना में घायल युवकों से मिलने पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह मंगलवार की दोपहर धनबाद स्थित Shaheed Nirmal Mahto Medical College and Hospital (एसएनएमसीएच) पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल अधीक्षक डॉ. डी.के. गेंडोरिया से मुलाकात कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद वे सर्जिकल आईसीयू एवं आपातकालीन विभाग में पहुंचकर भर्ती घायलों से मिले और उनका हालचाल जाना।

बताते चलें कि सोमवार को मतदान के दिन झरिया के दास बस्ती में मारपीट की घटना हुई थी। कुसुण्डा छोटा खारीकाबाद दास बस्ती निवासी ऋतिक कुमार दास पर शाम करीब छह बजे मतदान कर घर लौटने के दौरान असामाजिक एवं अज्ञात लोगों द्वारा हमला कर दिया गया। इस हमले में ऋतिक के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल एसएनएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

वहीं इस घटना में घायल दूसरे व्यक्ति की पहचान ठाकुर कुल्ही निवासी शशि शेखर के रूप में हुई है। दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल पहुंचकर संजीव सिंह ने डॉक्टरों से विस्तार से बातचीत की और घायल ऋतिक कुमार दास का सीटी स्कैन तथा एक्स-रे कराने के निर्देश दिए, साथ ही समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। उन्होंने चिकित्सकों से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया तथा परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिजनों का आरोप है कि मतदान कर लौटने के दौरान सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। उन्होंने दोषियों की शीघ्र पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मीडिया से बातचीत में संजीव सिंह ने कहा, “लोकतंत्र के महापर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग कर लौट रहे युवकों पर हमला अत्यंत निंदनीय है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। मारपीट के पीछे जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत शिकायत दर्ज कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा। किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।” फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र मंक एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest Breaking News Dai।y News News Update।atest News Nationa। News State News